कुलथी पंचायत के मझाकड़ा गांव में चोरी की वारदात, स्प्रे सूंघने से महिला बेहोश
कांगड़ा जिले की ग्राम पंचायत कुलथी के मझाकड़ा गांव में चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर की खिड़की के माध्यम से अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया। इस दौरान घर में मौजूद एक महिला कथित तौर पर किसी स्प्रे के प्रभाव से बेहोश हो गई।
महिला की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तुरंत उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज ले जाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद चोर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग रात को इकट्ठा होकर चोरों की तलाश में जुट गए, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
ग्रामीणों ने बाहरी फेरीवालों और अज्ञात व्यक्तियों को घरों में प्रवेश न देने की भी सलाह दी है। साथ ही लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस और पंचायत को देने का आग्रह किया गया है।
#himachalpradesh #himachalupdate #HimachalNews #Awaj E Himachal