
हिमाचल प्रदेश कैडर के वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी अजय कुमार यादव को केंद्र सरकार ने दी बड़ी जिम्मेदारी
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में अतिरिक्त महानिदेशक के पद पर प्रतिनियुक्ति पर हुई नियुक्ति
Kullu Times
हिमाचल प्रदेश कैडर के 1996 बैच के वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी अजय कुमार यादव को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, अजय कुमार यादव को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में अतिरिक्त महानिदेशक के पद पर प्रतिनियुक्ति पर नियुक्त किया है।
वह सेवानिवृत्ति यानी 30 सितंबर 2030 तक इस पद पर बने रहेंगे। केंद्र ने प्रदेश सरकार को उन्हें तुरंत कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए हैं। मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले अजय कुमार यादव का हिमाचल में फील्ड ट्रैक रिकॉर्ड शानदार रहा है। वह कांगड़ा, सिरमौर, सोलन व ऊना में पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाल चुके हैं।
फील्ड में बेहतरीन काम के बाद वह प्रदेश पुलिस मुख्यालय में एडीजी (क्राइम) व स्पेशल टास्क फोर्स के मुखिया जैसे पदों पर रहे।उन्होंने नई दिल्ली में प्रदेश सरकार के प्रधान रेजिडेंट कमिश्नर के रूप में भी कार्य किया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और धरातल पर उनके लंबे अनुभव को देखते हुए केंद्र सरकार ने उन्हें देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल में महत्वपूर्ण जिम्मा सौंपा है।
Kullu, Kullu | Nov 11, 2026