
*मच्छर जनित बीमारियों से रहे सावधान, बरतें सावधानी*
*-घर व आसपास पानी जमा न होने दें, मच्छर पनपने के स्थानों को करें समाप्त*
*रेवाड़ी, 03 अक्तूबर।*
डेंगू से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय मच्छरों की रोकथाम तथा उनके प्रजनन स्थलों को समाप्त करना है। इसके लिए आमजन की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। डीसी अभिषेक मीणा ने नागरिकों से आह्वान किया है कि वें मच्छरों से होने वाली बीमारियों, विशेषकर डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी सावधानियों का पालन करें।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि नागरिक घर से बाहर निकलते समय पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें तथा आवश्यकता के अनुसार मच्छरदानी का प्रयोग करें। दिन के समय भी मच्छरों से बचाव जरूरी है, क्योंकि डेंगू फैलाने वाला मच्छर दिन के समय भी सक्रिय रहता है। नागरिक मच्छर भगाने वाले साधनों का भी उचित प्रयोग करें। घरों, कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में कहीं भी पानी जमा न होने दें। कूलर, गमले, टायर, छतों पर रखे बर्तन, टंकियों तथा अन्य ऐसे स्थानों की नियमित सफाई करें, जहां पानी एकत्रित हो सकता है। स्वच्छ एवं सूखा वातावरण बनाए रखकर मच्छरों के प्रजनन को काफी हद तक रोका जा सकता है।
डीसी ने बताया कि किसी व्यक्ति को बुखार, तेज सिरदर्द, शरीर में दर्द, आंखों के पीछे दर्द, जी मिचलाना अथवा त्वचा पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लें। डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता एवं जांच अभियान में आमजन सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं और अपने परिवार को डेंगू से सुरक्षित रखें। जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर डेंगू व अन्य मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
---------
Rewari, Rewari | Oct 4, 2026