
*नवयुग सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस*
नवयुग सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक दिवस बड़े उत्साह, उल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षक शक्ति प्रकाश ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं सद्भावना रखने के लिए प्रेरित किया।शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने प्रिय शिक्षकों के प्रति स्नेह एवं सम्मान व्यक्त करने के लिए ‘एक पत्र शिक्षक के नाम’ गतिविधि में भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने पसंदीदा शिक्षकों को भावपूर्ण पत्र लिखकर उनके मार्गदर्शन, सहयोग एवं प्रेरणा के लिए आभार व्यक्त किया। इस गतिविधि ने गुरु-शिष्य के आत्मीय संबंधों को और अधिक सुदृढ़ किया।
शिक्षक दिवस को और अधिक यादगार बनाने के लिए नवयुग सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं किड्स डी.पी.एस. स्कूल के स्टाफ के लिए संयुक्त रूप से चोखी ढाणी, पंचकूला के भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने पारंपरिक सांस्कृतिक परिवेश का आनंद लेते हुए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कठपुतली शो, जादू का प्रदर्शन, सर्कस, ऊँट की सवारी एवं विभिन्न मनोरंजक खेलों ने सभी का खूब मनोरंजन किया। शिक्षकों ने इस अवसर पर भरपूर आनंद लिया और सहकर्मियों के साथ हँसी-खुशी के यादगार पल साझा किए।विद्यालय के डायरेक्टर श्री बी. डी. गाबा जी एवं प्रधानाचार्य श्री देवेंद्र अरोड़ा ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं भविष्य को दिशा देने वाले सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण, परिश्रम एवं निष्ठा की सराहना की।किड्स डीपीएस स्कूल की प्रधानाचार्या श्री मती साक्षी गाबा जी ने भी सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि एक शिक्षक का प्रभाव कक्षा की चारदीवारी से कहीं आगे तक जाता है। शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार एवं आदर्शों से विद्यार्थियों के जीवन को नई दिशा प्रदान करते हैं।सम्पूर्ण कार्यक्रम ने शिक्षक दिवस को केवल एक उत्सव न बनाकर गुरु-शिष्य के पवित्र संबंध, सम्मान और कृतज्ञता की भावनाओं से परिपूर्ण एक अविस्मरणीय अवसर बना दिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रशासक श्री विकास गाबा जी, मुख्याध्यापिका प्रीती मिश्रा, को ऑर्डिनेटर रितु चौधरी अध्यापिका अनु, रजनी, सीमा, परमज्योति, नीतू, पायल, मोनिका सुमन, कल्पना, रिहाना, आशा,पूनम,पिंकी, भुवनप्रीत, रीमा, मधु, स्मृति, स्वाति, कोमल, गीता, स्नेह, रुचिका, गुंजन, अध्यापक किरनजीत, हेमंत,जसमेर, राकेश ,किड्स डीपीएस स्कूल की को ऑर्डिनेटर साक्षी गेरा,रीतु, दीपिका, ऋतु कालूचा, दीपिका, गीता, प्राची, रिया, गगनप्रीत कौर सहित स्टाफ के सभी सदस्य उपस्थित रहे।