बालाघाट जिले के आदिवासी अंचल अडोरी और मछुरदा पंचायत के गांवों में फैली बीमारी के बीच नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर स्वास्थ्य सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान विधायक संजय उइके, मधु भगत, अनुभा मुंजारे और विवेक पटेल भी मौजूद रहे।
सिंघार ने अस्पताल में भर्ती बच्चों से मुलाकात की और ग्रामीणों से रोजगार, मजदूरी, पेयजल तथा स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चर्चा की। उन्होंने कुछ परिवारों को व्यक्तिगत आर्थिक सहायता दी। वहीं विधायक दल ने मृत बच्चों के सभी परिवारों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की।
सिंघार ने आरोप लगाया कि बीमारी के कारण 19 बच्चों की मौत हो चुकी है, लेकिन सरकार और प्रशासन मौतों के आंकड़े छिपा रहे हैं। उन्होंने गांवों में दूषित पानी, बंद नल-जल सेवा, पोषण आहार में अनियमितता और मच्छरदानी वितरण में गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मृतकों के परिवारों को 10 से 20 लाख रुपये की सहायता देने और लापरवाही के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। सिंघार ने कहा कि सरकार को तिरंगा फहराने से पहले बालाघाट के बच्चों की स्थिति पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाया जाएगा।
#Balaghat #UmangSinghar #MadhyaPradesh #TribalHealth #Congress