
ब्रेकिंग : UK 07 Rider अनुराग डोभाल गिरफ्तार....
देहरादून: बिग बॉस फेम और चर्चित यूट्यूबर UK 07 Rider अनुराग डोभाल को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अनुराग डोभाल पर उनके रिश्तेदार राज सिंह चौहान ने मारपीट, जान से मारने की कोशिश और धमकी देने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है और सभी को आज सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, मामला 5 अक्टूबर की शाम का है। राज सिंह चौहान एक कार कंपनी के शोरूम में काम करते हैं। उनका आरोप है कि शाम करीब छह बजे अनुराग डोभाल कुछ युवकों के साथ उनसे मिलने पहुंचे थे। उस समय काम में व्यस्त होने के कारण राज सिंह ने बाद में मिलने की बात कही। इसके बाद रात करीब आठ बजे वह एक कैफे पहुंचे, जहां अनुराग डोभाल और उनके साथी मौजूद थे।
राज सिंह चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और अनुराग डोभाल ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, उनका गला दबाने और मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की गई। आरोप है कि मोबाइल नहीं छीन पाने पर साथियों से उन्हें जान से मारने के लिए कहा गया।
राज सिंह का यह भी आरोप है कि उन्हें कार के नीचे डालने की कोशिश की गई और लोहे की रॉड या किसी अन्य वस्तु से सिर, छाती और मुंह पर हमला किया गया। शिकायत में एक आरोपी पर चाकू और बंदूक दिखाकर धमकाने का आरोप भी लगाया गया है। इसके अलावा पीड़ित ने अपनी घड़ी और सोने की चेन ले जाने तथा उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले की पृष्ठभूमि में पारिवारिक विवाद है। राज सिंह चौहान की चचेरी बहन रितिका की शादी अनुराग डोभाल से हुई है। दोनों पक्षों के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद को लेकर बातचीत के लिए राज सिंह को बुलाए जाने की बात सामने आई है। इसी दौरान विवाद बढ़ने के बाद मारपीट के आरोप लगाए गए हैं।
राज सिंह चौहान ने अपनी शिकायत में पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि जब आरोपी उनका मोबाइल फोन नहीं खोल पाए तो अनुराग डोभाल ने एसएसपी को फोन किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता ने बाईपास चौकी प्रभारी पर आरोपियों का पक्ष लेने का आरोप भी लगाया है। इन आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।
थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी देवेंद्र चौहान के अनुसार, राज सिंह चौहान की शिकायत में अनुराग डोभाल के अलावा अभय चौधरी, तपन पंडित, धवल राजपुरोहित, अभिषेक टाइगर, अभिनव श्रीवास्तव और गुरु भाई समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 117(2), 191(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अनुराग डोभाल को धारा 151 के तहत गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी गई है। अब पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों को सिटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश करेगी। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।
#UK07Rider #AnuragDobhal #AnuragDobhalArrest #DehradunNews #UttarakhandNews #DehradunPolice #UK07RiderNews #UttarakhandBroadcast