मऊ के घोसी थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक के बहाने महिला को झांसे में लेकर जेवरात चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी दिल्ली के प्रेम नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, 3 नवंबर को दोनों आरोपी साईं का वेश धारण कर बुद्धिकपुरा गांव पहुंचे थे। उन्होंने एक घर में महिला और उसकी बेटी को झाड़-फूंक का झांसा दिया। इसी दौरान विश्वास में लेकर उनकी पायल, बिछिया और सोने का लॉकेट उतरवा लिया। जब महिला खाने-पीने का सामान लेने अंदर गई, तो दोनों आरोपी जेवरात लेकर फरार हो गए। पुलिस ने सोनाडीह में अमरजीत सिंह स्कूल के सामने से दोनों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी बिछिया, महिला का आधार कार्ड, 2470 रुपये और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।