
#प्रयागराज में नेपाली पर्यटक परिवार की कार का शीशा तोड़कर चोरी, नकदी और जरूरी दस्तावेज गायब!
#प्रयागराज। संगम स्नान के बाद अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए जा रहे नेपाल के एक पर्यटक परिवार की कार से चोरी का मामला सामने आया है। मंगलवार दोपहर करीब 1:40 बजे झूंसी के अंदावा चौराहे स्थित ईट एंड फिट रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़कर चोर नकदी, मोबाइल फोन, पासपोर्ट, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार की शिकायत पर झूंसी थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
#भोजन करने के दौरान हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, नेपाल के महोत्तरी जिले के मनराशिस्वा गांव निवासी सुनील कुमार ठाकुर अपने परिवार के साथ प्रयागराज आए थे। संगम स्नान करने के बाद परिवार अयोध्या के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में भोजन करने के लिए परिवार अंदावा चौराहे स्थित रेस्टोरेंट पर रुका। परिवार के सदस्य जब खाना खाकर वापस कार के पास पहुंचे, तो उसमें रखा सामान गायब मिला। चोर कार का शीशा तोड़कर वारदात को अंजाम दे चुके थे।
32 #हजार भारतीय और 5 हजार नेपाली रुपये चोरी परिवार की शिकायत के अनुसार, चोरी हुए सामान में कुल 32 हजार भारतीय रुपये और 5 हजार नेपाली रुपये शामिल हैं। इसके अलावा अनिषा पांडेय का पासपोर्ट, दो एटीएम कार्ड, दो रेडमी मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच और परिचय पत्र भी चोरी हो गए।
#वहीं, बलिराम प्रसाद सिंह के दो एटीएम कार्ड, एक रेडमी मोबाइल फोन, नेपाली नागरिकता प्रमाणपत्र, परिचय पत्र, 2 हजार भारतीय रुपये और घर की कुछ चाबियां भी गायब मिलीं। चोरी हुए अन्य सामान की कुल कीमत का आकलन अभी स्पष्ट नहीं है।
#चालक समेत नौ लोग कर रहे थे यात्रा
बताया गया है कि परिवार के सात सदस्य और दो बच्चे चालक के साथ यात्रा कर रहे थे। संगम स्नान के बाद सभी अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में भोजन के लिए रुकने के दौरान हुई इस घटना से परिवार की आगे की यात्रा प्रभावित हो गई है। पासपोर्ट और नेपाली नागरिकता प्रमाणपत्र चोरी होने से उन्हें आगे की यात्रा में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
#CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पीड़ित परिवार की शिकायत पर झूंसी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#Prayagraj #PrayagrajNews #Jhunsi #CrimeNews #UttarPradesh #NepalTourists #TheftCase #PoliceInvestigation #BreakingNews #LocalNews