
डुब्बा घाट पर छठ पूजा,अर्घ्य,स्नान एवं अन्य पूजा-अनुष्ठान पूर्णतःप्रतिबंधित,
सर्वसाधारण, छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को सूचित किया जाता है कि पिपराही प्रखंड अंतर्गत बागमती नदी स्थित डुब्बा घाट का जिला प्रशासन द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नदी के अत्यधिक कटाव के कारण उक्त घाट खतरनाक, असुरक्षित एवं छठ पूजा के लिए अनुपयुक्त पाया गया है।
छठ व्रतियों, उनके परिजनों एवं अन्य श्रद्धालुओं के जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला पदाधिकारी, शिवहर के आदेशानुसार डुब्बा घाट पर छठ पूजा, अर्घ्य देने, स्नान एवं अन्य पूजा-अनुष्ठान करने पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है।
सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि—
• डुब्बा घाट पर पूजा-अर्चना, अर्घ्य देने अथवा स्नान के लिए नहीं जाएँ।
• घाट तक जाने वाले मार्ग पर की गई बैरिकेडिंग को पार नहीं करें।
• छठ पूजा एवं अर्घ्य के लिए सुरक्षित छठ घाटों का ही उपयोग करें।
• बच्चों, बुजुर्गों एवं अन्य परिजनों को असुरक्षित नदी तट से दूर रखें।
• स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें।
जिला प्रशासन की अपील है कि अपनी एवं अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए सुरक्षित घाटों पर ही छठ महापर्व मनाएँ तथा प्रशासन को सहयोग प्रदान करें।
जनहित में जारी।
जिला प्रशासन शिवहर