
#भरतपुर। नदबई क्षेत्र के गांव करही में सरकारी भूमि और पोखर के पास किए गए अतिक्रमण को लेकर नवयुवक मंडल के कार्यकर्ताओं ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। कार्यकर्ताओं ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) सचिन यादव को ज्ञापन सौंपकर सरकारी भूमि से तुरंत अतिक्रमण हटाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामीण उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। नवयुवक मंडल के अध्यक्ष मंजीत फौजदार ने बताया कि गांव में स्थित पुराने उपस्वास्थ्य केंद्र के भवन, पानी की टंकी के कार्यालय और अन्य सार्वजनिक जमीनों पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। इसके अलावा पोखर के आसपास अतिक्रमण होने और जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे होने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सचिन यादव ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि जल्द ही संबंधित सरकारी भूमि का चिन्हीकरण कराया जाएगा और नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की सख्त कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन देने के दौरान नीकेश फौजदार, अभिषेक फौजदार, सौरभ फौजदार, प्रभूदयाल, कपिल फौजदार, मानवेन्द्र सिंह, तेजवीर फौजदार और मौनू फौजदार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।