बिहार के स्कूलों को लेकर शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला
पटना। बिहार शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी एवं संबद्ध विद्यालयों के लिए ग्रीष्मकालीन समय-सारणी की अवधि बढ़ा दी है। विभाग के आदेश के अनुसार अब विद्यालय 30 जून 2026 तक पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संचालित होंगे। पहले यह व्यवस्था 31 मई 2026 तक लागू थी।
शिक्षा विभाग ने भीषण गर्मी और छात्रों-शिक्षकों की सुविधा को देखते हुए यह निर्णय लिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यालय संचालन के समय में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है और 31 मई तक लागू समय-सारणी ही 30 जून तक प्रभावी रहेगी।
विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके तहत 30 जून तक विद्यालयों का संचालन सुबह की पाली में जारी रहेगा, ताकि छात्रों को गर्मी से राहत मिल सके।