औषधीय फसलों की खेती से बढ़ेगी किसानों की आय, मझगुआ कीरत में हुआ विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम
===
तहसील जबेरा अंतर्गत ग्राम मझगुआ कीरत स्थित फार्म हाउस में किसानों को औषधीय फसलों की उन्नत खेती और उससे होने वाले आर्थिक लाभ की जानकारी देने हेतु एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर एवं कृषि विज्ञान केंद्र, दमोह के मार्गदर्शन में किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जबलपुर से आए कृषि वैज्ञानिकों एवं प्रोफेसरों ने किसानों को औषधीय फसलों की खेती की आधुनिक तकनीकों, उनकी बाजार में मांग, उत्पादन लागत तथा संभावित आय के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने विशेष रूप से शतावरी, सफेद मूसली, काली तुलसी सहित विभिन्न औषधीय पौधों की खेती के वैज्ञानिक तरीकों, औषधीय गुणों एवं व्यावसायिक महत्व पर प्रकाश डाला।