जनसुनवाई में 280 आवेदनों पर हुई सुनवाई
==
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक 10 (व्यारमा) में आयोजित जनसुनवाई में जिले के दूरदराज क्षेत्रों से आये आवेदकों की समस्याओं को सुना। इस दौरान सामान्य जनसुनवाई में 280 आवेदनों पर सुनवाई करते हुये संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिये।
जनसुनवाई में 18 आधार अपडेशन एवं 200 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही जनसुनवाई के दौरान कुछ सामूहिक आवदेन भी दिए गए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे, एसडीएम सौरभ गंधर्व, डिप्टी कलेक्टर ब्रजेश सिंह, डिप्टी कलेक्टर रचना प्रजापति, लोकसेवा प्रबंधक चक्रेश पटेल सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
जनसुनवाई में दिव्यांग युवक की समस्या का तत्काल समाधान,
कलेक्टर के निर्देश पर उसी दिन बना जाति प्रमाण पत्र
जनसुनवाई में पहुंचे हिण्डोरिया निवासी दिव्यांग युवक नितिन साहू की समस्या का जिला प्रशासन द्वारा त्वरित निराकरण किया गया। नितिन साहू ने बताया कि उन्हें सेंट्रल स्तर का जाति प्रमाण पत्र बनवाना है तथा अगले दिन उनके दस्तावेजों का सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) निर्धारित है। सामान्य प्रक्रिया के अनुसार जाति प्रमाण पत्र बनने में लगभग तीन दिन का समय लगता है, जिससे उन्हें चिंता थी कि समय पर दस्तावेज उपलब्ध नहीं हो पाएंगे।
युवक की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री यादव ने एसडीएम को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर उसी दिन जाति प्रमाण पत्र तैयार कर नितिन साहू को उपलब्ध करा दिया गया। समस्या के त्वरित समाधान पर नितिन साहू ने कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।