
ग्वालियर-भिंड हाईवे को लेकर 26 अक्टूबर को संत समाज की बैठक, आंदोलन का होगा शंखनाद
दंदरौआ धाम के महंत रामदास जी महाराज सहित जिले के प्रमुख संत होंगे शामिल, डॉ. शिवप्रताप जी महाराज को बनाया बैठक का संयोजक
भिंड। ग्वालियर-भिंड हाईवे (एनएच-719) को लेकर सरकार की कथित वादाखिलाफी और गौ अभ्यारण्य के संबंध में फैलाई जा रही कथित भ्रामक जानकारी को लेकर संत समाज में नाराजगी है। इसी मुद्दे को लेकर जिले के संत समाज ने आंदोलन की रणनीति तैयार करने का निर्णय लिया है। इसके तहत 26 अक्टूबर को उमरी क्षेत्र स्थित त्रिमूर्ति धाम देवगढ़ में जिलेभर के संतों की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में आगामी आंदोलन का शंखनाद किया जाएगा।
अखिल भारतीय संत समिति के जिला अध्यक्ष संत कालिदास महाराज ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया कि पहले यह बैठक 27 अक्टूबर को प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसे एक दिन पहले 26 अक्टूबर, सोमवार को आयोजित किया जाएगा। त्रिमूर्ति धाम के पीठाधीश्वर डॉ. शिवप्रताप जी महाराज को बैठक का संयोजक बनाया गया है।
बैठक में दंदरौआ धाम के महंत रामदास जी महाराज, संत हरिनिवास अवधूत जी महाराज चिलोंगा, संत नरसिंह दास जी महाराज डूंगरपुरा, शनिधाम के महंत त्यागी बाबा, संत प्रेमानंद सरस्वती चामुंडा महाराज, संत राघवपुरी महाराज, संत प्रद्युम्न महाराज मसूरी, संत पायलट बाबा दुधी महाराज, संत मोहनानंद जी महाराज, संत कमलदास जी महाराज टीकरी, संत रामेश्वर दास जी महाराज सहित अनेक संत शामिल होंगे।
इसके अलावा संत खर खट बाबा, संत मूर्तिदास जी, संत पांडरी सरकार, संत रंजीतानंद जी भिंडी बाबा, संत विश्वात्मबल, संत जगराम दास, संत ऋषि महाराज, संत सत्यनारायण दास जी, संत बजरंगदास, संत उमेश महाराज और संत हरिओमानंद महाराज सहित जिले के सैकड़ों संतों के साथ समाजसेवी, आमजन और भूतपूर्व सैनिकों के भी बैठक में शामिल होने की संभावना है।
बैठक में ग्वालियर-भिंड हाईवे से जुड़े मुद्दों और गौ अभ्यारण्य के विषय पर चर्चा कर आगामी आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। संत समाज की इस बैठक को क्षेत्र में हाईवे से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे की रणनीति तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Gormi, Bhind | Oct 21, 2026