
सचिव चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण /अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे स्वप्निल कुमार यादव ने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, भवन मानकों का पालन और कोचिंग संस्थानों के सही तरीके से संचालन को ध्यान में रखते हुए जनपद में चल रहे सभी कोचिंग संस्थानों की जांच कराने के संबंध में प्राधिकरण के सहायक अभियंता एवं अवर अभियंताओं को निर्देशित किया जाता है कि वे अपने. अपने क्षेत्र में चल रहे सभी कोचिंग संस्थानों का मौके पर जाकर निरीक्षण करें और निम्नलिखित बिंदुओं की जांच सुनिश्चित करें-भवन का स्वीकृत मानचित्र उपलब्ध है या नहीं।
अग्निशमन विभाग का वैध अनापत्ति प्रमाण पत्र उपलब्ध है या नहीं। भवन की संरचनात्मक सुरक्षा और आपातकालीन निकास की व्यवस्था। पार्किंग और आवागमन की पर्याप्त व्यवस्था। विद्युत एवं अन्य सुरक्षा मानकों का पालन। संस्थान का संचालन लागू नियमों और उपविधियों के अनुसार किया जा रहा है। अन्य जरूरी अभिलेख और व्यवस्थाएँ,साथ ही जांच कार्य को सही तरीके से और समन्वय के साथ पूरा करने के लिए नगर पालिका परिषद, अग्निशमन विभाग तथा जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य संबंधित विभागों से आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त रूप से जरूरी सूचनाएँ और अभिलेख प्राप्त करना सुनिश्चित किया जाए।
जांच के बाद प्रत्येक संस्थान की विस्तृत आख्या निर्धारित प्रारूप में तैयार कर तय समय के भीतर सचिव चित्रकूट विकास प्राधिकरण को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। यदि किसी संस्थान में कोई अनियमितताए जरूरी अभिलेखों की कमी या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो उसका स्पष्ट उल्लेख करते हुए नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु संस्तुति प्रस्तुत की जाए। समस्त सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता उक्त कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा करना सुनिश्चित करें।