
सड़क नहीं... मौत का जाल! NTPC विंध्याचल के पास 'तालाब' बनी सड़क, जिम्मेदार कौन?
सिंगरौली। देश को रोशनी देने वाले एशिया के सबसे बड़े ताप विद्युत परियोजनाओं में शामिल NTPC विंध्याचल के आसपास की सड़क खुद अंधेरों में डूबी नजर आ रही है। रेलवे क्रॉसिंग से शक्तिनगर बायपास की ओर जाने वाला मार्ग इन दिनों सड़क कम, तालाब ज़्यादा दिखाई दे रहा है। बारिश का पानी और गहरे गड्ढे मिलकर हर गुजरने वाले वाहन चालक के लिए बड़ा खतरा बन चुके हैं।
आलम यह है कि राहगीरों को समझ ही नहीं आता कि सड़क कहां खत्म होती है और गड्ढा कहां शुरू होता है। दोपहिया चालक जान जोखिम में डालकर निकल रहे हैं, जबकि भारी वाहनों के गुजरने से हादसे का खतरा कई गुना बढ़ गया है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस सड़क की जिम्मेदारी किसकी है? NTPC की, लोक निर्माण विभाग की या जिला प्रशासन की? यदि यह सार्वजनिक मार्ग है तो अब तक इसकी मरम्मत और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था क्यों नहीं की गई? क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं?
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बरसात में यही हाल होता है। शिकायतें होती हैं, आश्वासन मिलते हैं, लेकिन सड़क की तस्वीर नहीं बदलती। करोड़ों रुपये के विकास के दावों के बीच आम लोगों को सुरक्षित सड़क तक नसीब नहीं हो रही।
—क्या जिम्मेदार अधिकारी इस बदहाल सड़क पर तत्काल कार्रवाई करेंगे, या फिर किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही नींद खुलेगी?
#NTPCVindhyachal #Singrauli #ShaktinagarBypass #SadakYaTalab #RoadSafety #JilaPrashasanJawabDo #NTPCJawabDo #SingrauliNews #SNews