झारखंड में अमेडेड भारतनेट प्रोग्राम (ABP) के तहत ग्रामीण क्षेत्रों की डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। 10 सितंबर 2026 को केंद्र सरकार, झारखंड सरकार और JDICL के बीच कार्यक्रम के क्रियान्वयन को लेकर समझौता हुआ। इसके तहत 260 ब्लॉक, 4,395 ग्राम पंचायतों और 26,777 गैर-पंचायत गांवों तक हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी पहुंचाने की योजना है। साथ ही पांच वर्षों में 4,39,049 FTTH कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। मौजूदा ग्राम पंचायतों के नेटवर्क को अपग्रेड करने के साथ नई पंचायतों को भी रिंग टोपोलॉजी से जोड़ा जाएगा। राज्य में नेटवर्क संचालन केंद्र (SNOC) भी स्थापित होगा। इस परियोजना से ग्रामीण परिवारों और सरकारी संस्थानों को बेहतर इंटरनेट सुविधा मिलेगी, जिससे ई-गवर्नेंस, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और डिजिटल सुविधाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी।