रौतनिया कचरा डंपिंग यार्ड पर अब डीएम की सीधी नजर! धीमी प्रगति पर भड़के कुमार गौरव, अतिरिक्त मशीन और स्वास्थ्य सर्वे का दिया निर्देश
मुजफ्फरपुर के रौतनिया कचरा डंपिंग यार्ड की समस्या को लेकर अब जिला प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। विधायक अजीत कुमार के अल्टीमेटम के बाद सोमवार को जिलाधिकारी कुमार गौरव ने खुद मौके पर पहुंचकर डंपिंग यार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कचरा निष्पादन और बायोरेमेडिएशन कार्य की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक और स्थानीय लोगों ने दुर्गंध, प्रदूषण तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से डीएम को अवगत कराया। इस पर उन्होंने प्रभावित इलाके में स्वास्थ्य विभाग की टीम गठित कर सर्वे कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि अब इस पूरे मामले की निगरानी वे स्वयं करेंगे। नगर निगम को एक अतिरिक्त ट्रॉमल मशीन लगाने, एमआरएफ प्लांट का काम जल्द शुरू कराने और कचरा प्रसंस्करण में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, आसपास नियमित ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, पोखर की सफाई और सड़क के जीर्णोद्धार की भी पहल होगी। अंचल अधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
डीएम ने दो टूक कहा कि जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। अब देखना होगा कि प्रशासन की यह पहल रौतनिया के लोगों को प्रदूषण और दुर्गंध से कब तक राहत दिला पाती है।
#RautaniaDumpingYard #MuzaffarpurNews #DMKumarGaurav #AjitKumar #TirhutNow
Musahri, Muzaffarpur | Nov 9, 2026