
*मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 में पश्चिमी सिंहभूम के 54-जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र ने शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण कर झारखंड में बनाया दूसरा स्थान*
*पश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन कार्यालय के लिए गौरव का विषय है कि 54-जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र ने मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत गणना प्रपत्रों के शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण कर झारखंड का दूसरा विधानसभा क्षेत्र बनने का गौरव प्राप्त किया है। यह उपलब्धि निर्वाचन पदाधिकारियों, बूथ लेवल पदाधिकारियों, पर्यवेक्षकों तथा आम नागरिकों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।*
इस उपलब्धि पर जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-जगन्नाथपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्री अरुण उरांव ने विधानसभा क्षेत्र के सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम की प्रतिबद्धता, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का समयबद्ध एवं त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी तथा विश्वसनीय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि *पश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन कार्यालय के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि 54-जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र द्वारा शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण किया जाना जिले की कार्यसंस्कृति, टीम भावना और निर्वाचन कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने इस सफलता के लिए निर्वाचन से जुड़े सभी पदाधिकारियों, कर्मियों, बीएलओ, पर्यवेक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि जिला निर्वाचन कार्यालय का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिकतम शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित हो सके तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक सशक्त एवं विश्वसनीय बने।*
उपायुक्त ने जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों का भी उत्साहवर्धन करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक स्तर पर गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य सुनिश्चित किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी पदाधिकारियों एवं जागरूक नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि पश्चिमी सिंहभूम जिला आगामी चरणों में भी निर्वाचन संबंधी सभी कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपनी परंपरा को बनाए रखेगा।