
#खुशियों_की_दास्तां
✅ पीएम स्वनिधि योजना बनी सहारा, हरदा के प्रवीण शर्मा की बदली जिंदगी
केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना गरीब, छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी वालों के लिए वरदान साबित हो रही है। योजना न केवल आर्थिक संबल दे रही है, बल्कि कई परिवारों को आत्मनिर्भरता की नई राह भी दिखा रही है। ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी है हरदा शहर के वार्ड क्रमांक 17 निवासी श्री प्रवीण शर्मा की, जिन्होंने शून्य से शुरुआत कर आज अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रवीण पिछले 10 वर्षों से शहर में पोस्ट ऑफिस के पास चाय का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनकी छोटी सी दुकान से ही पूरे परिवार की रोजी-रोटी चलती थी। लेकिन कोरोना काल के लॉकडाउन ने उनकी जिंदगी में संकट ला दिया। लॉकडाउन के दौरान उनकी जमा-पूंजी पूरी तरह खत्म हो गई। परिवार चलाने के लिए उन्हें मजबूरी में ब्याज पर पैसा लेना पड़ा, जिससे उन पर कर्ज का बोझ बढ़ने लगा।
ऐसे कठिन समय में उन्हें नगर पालिका, हरदा के माध्यम से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी मिली। अधिकारियों ने उन्हें योजना के लाभ और प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। प्रवीण ने तत्काल नगर पालिका में आवेदन किया। नगर पालिका द्वारा संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्परता से उनका आवेदन स्वीकृत करवाया गया। योजना के तहत उन्हें तीन चरणों में बिना किसी गारंटी के ऋण उपलब्ध कराया गया। प्रवीण को प्रथम चरण में 10 हजार रुपये, द्वितीय चरण में 20 हजार रुपये एवं तृतीय चरण में 50 हजार रुपये की ऋण सहायता प्राप्त हुई।
प्रवीण ने बताया कि इस राशि से उन्होंने अपना व्यवसाय फिर से शुरू किया। उन्होंने अपने ठेले का नवीनीकरण किया, नई सामग्री खरीदी और गुणवत्तापूर्ण सेवा शुरू की। आज उनका व्यवसाय पहले से कहीं बेहतर चल रहा है। खास बात यह है कि आज वे स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ दो अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करवा रहे हैं। समय पर ऋण चुकाने से उनका सिबिल स्कोर भी बेहतर हुआ है, जिससे भविष्य में उन्हें बैंक से और अधिक सहायता मिलने का रास्ता खुल गया है। श्री प्रवीण शर्मा ने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और जिला प्रशासन, हरदा का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि जैसी योजना ने हम जैसे छोटे व्यापारियों को साहूकारों के चंगुल से मुक्ति दिलाई है।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Urban Development & Housing MP
#सेवा_संकल्प_अभियान
#SevaSankalpAbhiyan
#PMSVANidhi #AtmanirbharBharat
#SuccessStory #KhushiyonKiDastan
#Harda #हरदा