
धर्मपिता बनकर प्रदेश मंत्री ने निभाया बेटी का फर्ज, अनाथ निशा का कराया कन्यादान
छतरपुर। माता-पिता के साए से वंचित एक बेटी के जीवन के सबसे महत्वपूर्ण अवसर पर समाज ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। बरमदेव मंदिर सेवा समिति, अमानगंज मोहल्ला, छतरपुर एवं भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री बॉबी राजा गठेवरा के सहयोग से अनाथ बेटी निशा अनुरागी का विवाह पूरे सम्मान और रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया गया।
वार्ड क्रमांक 12 निवासी निशा अनुरागी के माता-पिता पाना अनुरागी और मंती अनुरागी के निधन के बाद उसके विवाह की जिम्मेदारी बड़ी चुनौती बन गई थी। ऐसे समय में समाजसेवियों और समिति के सदस्यों ने आगे आकर बेटी का साथ दिया। प्रदेश मंत्री बॉबी राजा गठेवरा ने धर्मपिता की भूमिका निभाते हुए निशा का कन्यादान किया, जिससे विवाह समारोह भावुक और प्रेरणादायी बन गया।
निशा का विवाह राजनगर क्षेत्र के ग्राम मनिया निवासी मुकेश अनुरागी के साथ विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ। विवाह की सभी व्यवस्थाओं में बरमदेव मंदिर सेवा समिति और स्थानीय समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। उपस्थित लोगों ने कहा कि समाज तभी मजबूत बनता है जब लोग जरूरतमंदों के सुख-दुख में परिवार बनकर साथ खड़े हों। यह विवाह केवल दो व्यक्तियों का मिलन नहीं, बल्कि मानवता, सामाजिक उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता का प्रेरक संदेश भी बन गया।