
#पेंशन सत्यापन में लापरवाही पर DM सख्त, तीन अधिकारियों का वेतन रोका
#बलिया
#पेंशन सत्यापन में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को विकास भवन सभागार में हुई समीक्षा बैठक में DM ने जिला समाज कल्याण अधिकारी रमेश कुमार, जिला दिव्यांगजन अधिकारी राजन कुमार और जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन का वेतन रोकने के आदेश दिए।
#जिलाधिकारी ने समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, पिछड़ा वर्ग कल्याण और प्रोबेशन विभाग की पाक्षिक समीक्षा की। उन्होंने पेंशन सत्यापन कार्य में तेजी लाने और छात्रवृत्ति योजनाओं को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए।
#मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में टेंडर प्रक्रिया में देरी पर DM ने नाराजगी जताई। चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और आगे वेतन रोकने के साथ कठोर कार्रवाई भी की जाएगी।
#दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की समीक्षा में DM ने सभी पेंशनधारकों का ब्लॉकवार डाटा तैयार करने को कहा। अगली बैठक में कुल दिव्यांग पेंशनधारकों और पेंशन से वंचित पात्रों की लिस्ट मांगी। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को मदरसों का शत-प्रतिशत सत्यापन जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
#जिलाधिकारी ने साफ कहा कि पेंशन से संबंधित कोई भी आवेदन 45 दिनों से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए। जिन मामलों में 45 दिन से ज्यादा की देरी हुई है, उनमें संबंधित तहसीलों से स्पष्टीकरण लिया जाए। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी को शादी अनुदान योजना की प्रगति रिपोर्ट देने को कहा।
#बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। DM ने सभी अधिकारियों को चेताया कि अगली समीक्षा में प्रगति में सुधार दिखना चाहिए।
#dmballia