शीर्षक: सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय), सतायन बना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार का मॉडल।
किसी विद्यालय का विकास केवल उसकी इमारतों, प्रयोगशालाओं और पुस्तकालयों से नहीं होता। वास्तविक बदलाव तब दिखाई देता है, जब विद्यालय के वातावरण में सीखने की जिज्ञासा, बच्चों के सपनों में आत्मविश्वास और शिक्षकों के प्रयासों में नई ऊर्जा दिखाई देने लगे।
जमुई जिले में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने और विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता को नई दिशा देने के उद्देश्य से सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय), सतायन को एक मॉडल विद्यालय के वास्तविक रूप में उत्तरोतर विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, जमुई द्वारा गोद लिए गए इस विद्यालय का नियमित भ्रमण एवं निरीक्षण केवल प्रशासनिक निगरानी तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यालय के शैक्षणिक विकास की सतत प्रक्रिया का हिस्सा है।
विद्यालय भ्रमण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, कक्षाओं एवं विद्यालय परिसर में उपलब्ध अन्य आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रयोगशाला में उपलब्ध उपकरणों के उपयोग और उनकी क्रियाशीलता, पुस्तकालय में पुस्तकों की उपलब्धता एवं रखरखाव तथा कक्षाओं में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की स्थिति का जायजा लिया।
लेकिन इस भ्रमण की सबसे खास तस्वीर तब सामने आई, जब अनुमंडल पदाधिकारी स्वयं शिक्षक की भूमिका में बच्चों के बीच पहुंचे। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया, पाठ्यक्रम से जुड़े प्रश्न पूछे, उनकी जिज्ञासाओं को सुना और स्वयं पढ़ाते हुए विषयगत अवधारणाओं को सरल तरीके से समझाया। बच्चों के साथ यह संवाद केवल एक कक्षा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्हें नियमित अध्ययन, एकाग्रता, अनुशासन और जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करने का माध्यम बना।
सरस्वती विद्या निकेतन आज इस बात का उदाहरण बन रहा है कि जब प्रशासनिक नेतृत्व, शिक्षकों की प्रतिबद्धता, आधुनिक संसाधन और विद्यार्थियों की जिज्ञासा एक साथ आते हैं, तो विद्यालय की तस्वीर बदल सकती है।
एक समय जहाँ विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर अनेक चुनौतियां थीं, वहीं आज प्रयोगशाला में प्रयोग, पुस्तकालय में अध्ययन और कक्षाओं में संवाद आधारित शिक्षा बच्चों के सीखने के अनुभव को समृद्ध कर रही है।
यह बदलाव केवल एक विद्यालय की कहानी नहीं है। यह उस व्यापक प्रयास की शुरुआत है, जिसके माध्यम से जमुई के शैक्षिक परिदृश्य में गुणवत्ता, नवाचार और सीखने की संस्कृति को मजबूत किया जा रहा है।
एक मॉडल विद्यालय का उद्देश्य केवल अपने विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देना नहीं, बल्कि अपने अनुभवों और नवाचारों के माध्यम से आसपास के विद्यालयों के लिए भी एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करना है।क्योंकि शिक्षा में बदलाव किसी एक दिन में नहीं आता। यह छोटे-छोटे प्रयासों से आकार लेता है—
एक शिक्षक के समर्पण से,
एक बच्चे की जिज्ञासा से,
एक पुस्तक के पन्ने से,
एक प्रयोगशाला के प्रयोग से,
और उस विश्वास और संकल्प से जिसमें जमुई के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उनके सपनों को पूरा करने की दृढ़ इच्छाशक्ति हो –
सरस्वती विद्या निकेतन, सतायन के इस सकारात्मक बदलाव की कहानी सुनिए अनुमंडल पदाधिकारी, जमुई के जुबानी।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
General Administration Department, Govt. of Bihar
Home Department, Govt. of Bihar
Bihar Education Department
#CMSamrat
#samratchoudhary
Jamui, Bihar | Oct 1, 2026