
"नशा मुक्त भारत" अभियान अंतर्गत एन्टी नारकोटिक्स सेल की बड़ी कार्रवाई: 216 ग्राम गांजे के साथ नशा तस्कर दबोचा।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के कुशल निर्देशन में नशीले पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाया जा रहा है विशेष अभियान।
पुलिस अधीक्षक पलवल नीतीश अग्रवाल के कुशल निर्देशन में नशीले पदार्थों की तस्करी और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) स्टाफ पलवल की टीम ने होडल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रेलवे रोड नया नगला से एक युवक को प्रतिबंधित नशीले पदार्थ गांजा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी निरीक्षक विश्व गौरव ने बताया कि दिनांक 22 जून 2026 को ए.एस.आई. सिराजुद्दीन के नेतृत्व में टीम हसनपुर चौक,होडल पर वांछित अपराधियों की धरपकड़ और गश्त के दौरान मौजूद थी। इसी दौरान गुप्तचर से विशेष सूचना प्राप्त हुई कि वेदप्रकाश उर्फ वेदन निवासी गोशाला मार्केट होडल, काफी समय से गांजा बेचने का अवैध काम करता है और वह इस समय भी रेलवे रोड नया नगला,शिव मंदिर के पास गांजा बेचने के लिए खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की और आरोपी वेदप्रकाश को काबू किया। कानूनी प्रक्रियाओं की पालना करते हुए आरोपी की सहमति पर राजपत्रित अधिकारी श्री नीरज, ई.टी.ओ. पलवल को मौके पर बुलाया गया। जिनके समक्ष आरोपी की तलाशी में 216 ग्राम प्रतिबंधित गांजा बरामद हुआ। गांजा को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना होडल में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है। नशा तस्करी से जुड़े किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
पलवल पुलिस आम जनता से अपील करती है कि यदि आपके आसपास कोई भी व्यक्ति नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी में संलिप्त है, तो इसकी सूचना तुरंत मानस हेल्पलाइन पोर्टल नंबर 1933 या संबंधित पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।