मुख्यमंत्री के जाते ही वैढ़न विन्ध्यनगर मुख्य सड़क निर्माण कार्य रुका, लोगों में नाराजगी
सिंगरौली। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सिंगरौली आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां कई दिनों से तेज गति से चल रही थीं। शहर के विभिन्न मार्गों पर दिन-रात सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराया जा रहा था ताकि आगमन के दौरान व्यवस्थाएं बेहतर दिखाई दें।
हालांकि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के समाप्त होते ही बैढ़न विन्ध्यनगर सड़क निर्माण कार्य अचानक बंद हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। नागरिकों का कहना है कि जिन सड़कों पर तेजी से काम चल रहा था, वहां अब मशीनें और मजदूर नजर नहीं आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि यदि सड़क निर्माण कार्य जनसुविधा के लिए किया जा रहा था तो उसे बीच में क्यों रोक दिया गया। लोगों की मांग है कि अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराया जाए ताकि आमजन को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि विकास कार्य केवल वीआईपी दौरे तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि नियमित रूप से पूरे किए जाने चाहिए।