
#सिधमुख_फीडर में पानी की कम आपूर्ति पर राजस्थान के जल संसाधन विभाग ने किया निरीक्षण
संगरिया की आवाज़।
काजल हेड पर गेज में मिली अनियमितता को हरियाणा सिंचाई विभाग से समन्वय कर तत्काल ठीक करवाया गया
#हनुमानगढ़, भादरा क्षेत्र के कॉन्टैक्ट नंबर-5 पर सिंचाई के लिए पानी की कम उपलब्धता को देखते हुए गुरुवार को जल संसाधन वृत्त नोहर के अधीक्षण अभियंता श्री नीरंजन लाल मीना, जल संसाधन खंड भादरा के अधिशासी अभियंता श्री तिलोक चंद टाक एवं सहायक अभियंता श्री दिनेश सिंहमार द्वारा हरियाणा क्षेत्र में स्थित काजल हेड का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान काजल हेड पर लगे गेज में अनियमितता पाई गई। इस संबंध में हरियाणा सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता एवं अधिशासी अभियंता से तत्काल संपर्क कर गेज की अनियमितता को ठीक करवाया गया। टीम द्वारा काजल हेड पर गेज रजिस्टर की भी जांच की गई तथा सिद्धमुख फीडर नहर के विभिन्न स्थलों पर पानी के प्रवाह की स्थिति का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नहर के कुछ हिस्सों में क्षतिग्रस्त स्थिति भी सामने आई, जिसके संबंध में हरियाणा सिंचाई विभाग को अवगत करवाया गया।
अधीक्षण अभियंता श्री नीरंजन लाल मीना ने बताया कि वर्तमान में सिधमुख सिंचाई परियोजना का बी ग्रुप प्रभावी है तथा इसके लिए 350 क्यूसेक पानी की मांग (इंडेंट) भेजी गई है, जबकि हरियाणा सिंचाई विभाग से लगभग 230 क्यूसेक पानी ही प्राप्त हो रहा है। इस कारण निर्धारित मांग की तुलना में कम पानी मिलने से राजस्थान के सिंचित क्षेत्र में जलापूर्ति प्रभावित हो रही है। उन्होंने पानी की कम उपलब्धता पर असंतोष व्यक्त करते हुए निर्धारित मांग के अनुरूप पानी उपलब्ध करवाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
अधिशासी अभियंता श्री तिलोक चंद टाक ने बताया कि सिधमुख फीडर में कम पानी मिलने के कारण सिंचाई की आवश्यकताओं की पूर्ति प्रभावित हो रही है तथा पेयजल की आवश्यकता के लिए भी पर्याप्त जल भंडारण नहीं हो पा रहा है। विभाग द्वारा स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर जलापूर्ति में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि नहरों में पानी की चोरी रोकने के लिए विभाग द्वारा गश्ती दल गठित किए गए हैं। विभागीय अभियंताओं द्वारा सिधमुख फीडर एवं रासलाना वितरिका पर दिन-रात गश्त की जा रही है। नहर से अवैध रूप से पानी लेने वाले कृषकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मुकदमे दर्ज करवाए जाएंगे।
जल संसाधन विभाग की टीम ने स्पष्ट किया कि नहरों में पानी की उपलब्धता, गेज की स्थिति एवं जल प्रवाह की नियमित निगरानी जारी रहेगी, ताकि उपलब्ध पानी का उचित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके तथा क्षेत्र के किसानों को राहत मिल सके।
संगरिया की आवाज़
District Collector & Magistrate - Hanumangarh
Government of Rajasthan