#जन्मदिन पर नन्हों को बांटी खुशियां,
“नर सेवा नारायण सेवा” का दिया संदेश
बच्चों की मुस्कान सबसे बड़ा उपहार
संगरिया की आवाज़।
#संगरिया तहसीलदार मोनिका बंसल ने अपना जन्मदिन गुरुवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय 1 आरटीपी के नन्हे बच्चों के साथ मनाकर एक अनूठी मिसाल पेश की। इस खास अवसर पर उन्होंने उत्सव को केवल अपने लिए सीमित नहीं रखा बल्कि विद्यालय के बच्चों के बीच जाकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।
जन्मदिन के मौके पर तहसीलदार ने सभी बच्चों को उपहार स्वरूप अपने हाथों से जूते पहनाए, स्टेशनरी वितरित की। इसके बाद उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से मिष्ठान भी खिलाया। बच्चों की खुशी देखकर आनंद और स्नेह का माहौल बना। प्रधानाध्यापक सुनीता शर्मा एवं बच्चों ने भी तहसीलदार को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके लंबे, स्वस्थ एवं उज्ज्वल जीवन की कामना की।
इस अवसर पर तहसीलदार बंसल ने कहा कि खुशियां बांटने से बढ़ती हैं और बच्चों की मुस्कान ही सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई, अनुशासन और अच्छे संस्कारों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
जन्मदिन को इस अनूठे एवं भावनात्मक तरीके से मनाकर समाज के लिए “नर सेवा ही नारायण सेवा है” का संदेश दिया। तहसीलदार की पहल बताती है कि सच्चा उत्सव वही है, जिसमें जरूरतमंदों और बच्चों की खुशी शामिल हो।
संगरिया की आवाज़
Sangaria, Hanumangarh | Oct 22, 2026