
तिलवाड़िया फांटे पर ड्यूटी के दौरान हादसा, ट्रैफिक कांस्टेबल को कैंपर ने कुचला, अस्पताल में मौत
जोधपुर | चौपासनी क्षेत्र के तिलवाड़िया फांटे पर गुरुवार सुबह ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिस के कांस्टेबल को कैंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायल कांस्टेबल को साथी पुलिसकर्मी तत्काल एम्स जोधपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, नागौर जिले के जारोड़ा निवासी कांस्टेबल सुरेश मुंडेल सुबह करीब 9 बजे ड्यूटी पर पहुंचे थे। तिलवाड़िया फांटे पर ड्यूटी के दौरान जोधपुर से जैसलमेर की ओर जा रही कैंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल एम्स जोधपुर ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने कैंपर को जब्त कर चालक को पकड़ लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
2015 बैच में हुए थे भर्ती
सुरेश मुंडेल वर्ष 2015 बैच में कांस्टेबल के पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वे करीब सवा दो साल से ट्रैफिक पुलिस में तैनात थे। उनके परिवार में 13 वर्षीय बेटा और 9 वर्षीय बेटी है। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद शव पुलिस लाइन ले जाया गया।