
फ्रीजर में बेच रहे थे सड़ा छेना, खाद्य विभाग ने 125 किलो कराया नष्ट
खाद्य विभाग की टीम ने कैसरगंज तहसील के दुकानों में की छापेमारी
बहराइच। जिले के सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ. अमर सिंह वर्मा ने बताया कि आगामी त्योहार के दृष्टिगत मिलावटी मिठाइयों एवं खाद्य पदार्थों पर प्रभावी अंकुश के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, बहराइच एवं अन्तर्जनपदीय टीमों द्वारा बड़ी छापेमारी की कार्रवाई की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की दो टीमों द्वारा जरवल रोड कैसरगंज, रिसिया बाजार, गम्भीरवा बाजार में छापामार कार्यवाही की गयी।
उक्त छापे के दौरान जरवल रोड, तूफानी चौराहा स्थित बंगाली मिष्ठान भण्डार पर फ्रीजर में रखे कई दिन पुराने दूषित छेना, रसगुल्ल मात्रा लगभग 125 किलोग्राम को नष्ट करा दिया गया, उसके बाद जरवल रोड की बाजार बंद हो गयी।
तदोपरान्त टीम ने कैसरगंज स्थित झगरू स्वीट शॉप से खोया का नमूना एवं तहसील के निकट स्थित बद्री स्वीट शॉप से दूध बर्फी एवं मिल्क केेक का नमूना लिया गया।
दूसरी टीम के द्वारा रिसिया बाजा स्थित विनायक इंटरप्राइजेज से छेना रसगुल्ला एवं गुलाबजामुन का नमूना लिया गया तथा गम्भीरवा बाजार स्थित यादव मिष्ठान भण्डार से दूध बर्फी एवं मिल्क केक तथा सुरेश स्वीट शॉप से पेड़े का नमूना लिया गया।
शिवनगर में दुकान से प्रतिष्ठान से दूध का नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरूण कुमार शुक्ल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार श्रीवास्तव, आदित्य वर्मा, अजय कुमार सिंह, कृपा शंकर, विनय कुमार, अनूप सिंह एवं प्रीती वर्मा आदि शामिल रहे।