
Bokaro के सार्थक और आयुष का झारखंड सीनियर नेटबॉल टीम में चयन, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दम
#bokaro #BokaroSports #Netball #JharkhandNetball #SportsNews
Bokaro : जिले के दो प्रतिभाशाली नेटबॉल खिलाड़ियों सार्थक एस. सिंह और आयुष ख्वास का चयन झारखंड सीनियर नेटबॉल टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी अब 7 से 9 अगस्त तक हरियाणा के पलवल स्थित सुभाष चंद्र बोस इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाली 44वीं सीनियर नेशनल नेटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
##फिटनेस और खेल कौशल के आधार पर हुआ चयन
झारखंड टीम के चयन के लिए 26 जुलाई को गोड्डा और बेड़ो (रांची) में चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी। इस दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक फिटनेस, तकनीकी दक्षता, टीम के साथ तालमेल, खेल कौशल और मैच परिस्थितियों में प्रदर्शन क्षमता का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर सार्थक सिंह और आयुष ख्वास को राज्य टीम में जगह मिली। चयन प्रक्रिया के दौरान फेडरेशन के अधिकारियों के साथ झारखंड नेटबॉल संघ के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, सचिव भूपेंद्र राम, साहेब मंडल, साकेत सहित संघ के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
##बोकारो नेटबॉल संघ ने दी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं
दोनों खिलाड़ियों के चयन पर बोकारो जिला नेटबॉल संघ ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। संघ के अध्यक्ष संजीव सिंह, सचिव निशांत कुमार, उपाध्यक्ष मीनाक्षी कुमारी, कोषाध्यक्ष प्रांजल सैकिया, रण विजय ओझा, राम लखन मिस्त्री, ललिता उरांव समेत संघ के सभी सदस्यों ने सार्थक और आयुष को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
##झारखंड नेटबॉल संघ और फेडरेशन का जताया आभार
बोकारो जिला नेटबॉल संघ ने खिलाड़ियों के चयन में सहयोग देने के लिए झारखंड नेटबॉल संघ के पदाधिकारियों और नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। संघ ने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर झारखंड और बोकारो का नाम रोशन करेंगे।
Chas, Bokaro | Aug 5, 2026