Public App Logo
सुकवाहा में केन-बेतवा लिंक परियोजना के विस्थापितों के लिए शिविर आयोजित शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभागीय अधिकारियों ने सुनी समस्याएं मौके पर ही कई आवेदनों के त्वरित निराकरण --- केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 17 अगस्त 2026 को ग्राम सुकवाहा में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में जिला छतरपुर के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर में ग्रामीणों द्वारा विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। इनमें से कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों द्वारा प्राप्त कर आगामी कार्रवाई के लिए आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदकों को दिशा-निर्देश दिए गए। मुर्गी पालन के 47 आवेदन स्वीकृत, 112 व्यक्तियों को किया गया स्वास्थ्य परीक्षण बीपीएल सूची में 11 लोगों के नाम जोड़ने की कार्रवाई की पेंशन के 12 आवेदक पात्र पाए गए, अब उन्हें मिलेगी पेंशन पशुपालन विभाग से संबंधित मुर्गी पालन योजना के 47 आवेदन स्वीकृत किए गए। वहीं कृषि विभाग को बीज उपलब्ध कराने के लिए 10 आवेदन प्राप्त हुए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में 112 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। इसी प्रकार आयुष विभाग द्वारा 76 व्यक्तियों को दवा उपलब्ध कराई गई। लाड़ली बहना योजना के लाभ के लिए प्राप्त 40 आवेदनों में से 39 आवेदक पात्र पाए गए, जबकि 1 आवेदन अपात्र पाया गया। लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत प्राप्त 1 आवेदन को तत्काल स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत 1 आवेदन प्राप्त हुआ। बी.पी.एल. सूची में नाम जोड़ने के लिए प्राप्त 16 आवेदनों में से 11 व्यक्तियों के नाम जोड़े जाने की कार्रवाई की गई। इसी प्रकार पेंशन से संबंधित 14 आवेदनों में से 12 आवेदक पात्र पाए गए। शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। विस्थापित परिवारों से की गई चर्चा शिविर के दौरान अधिकारियों ने ग्रामवासियों से केन-बेतवा लिंक परियोजना के विस्थापन से संबंधित विषयों पर चर्चा की। चर्चा के दौरान विस्थापित परिवारों द्वारा ग्राम साड़ा एवं ग्राम कर्री में रहवासी प्लाट उपलब्ध कराने के संबंध में सहमति व्यक्त की गई। #chhatarpur - Chhatarpur News