साइबर ठगी के पीड़ित को 50 हजार रुपये वापस कराए गए,
शिवहर, 7 सितंबर। साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के पीड़ित को ₹50,000 की राशि वापस कराने में सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर), शिवहर के नेतृत्व में साइबर अपराध से संबंधित मामले में प्रभावी कार्रवाई की गई। इस दौरान शिवप्रकाश कुमार, पिता-बच्चन साह, ग्राम-पोझिया सरबरपुर, थाना-तरियानी, जिला-शिवहर की साइबर ठगी से संबंधित ₹50,000 (पचास हजार रुपये) की राशि सफलतापूर्वक वापस कराई गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को ठगी गई रकम वापस मिल सकी। साइबर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल इसकी सूचना संबंधित पुलिस थाना अथवा साइबर हेल्पलाइन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर ठगी की राशि को वापस कराने का प्रयास किया जा सके।