
मयूर विहार से एम्स पहुंचने में लग रहे घंटे, नया एलिवेटेड रोड भी जाम से बेहाल… राहत की जगह बढ़ी मुसीबत
बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर का नया हिस्सा शुरू होने के बाद दिल्ली में ट्रैफिक की परेशानी कम होने के बजाय बढ़ती नजर आ रही है. मयूर विहार से एम्स और सराय काले खां की तरफ जाने वाले रास्ते पर लगातार दूसरे दिन लंबा जाम देखने को मिला. सराय काले खां के पास करीब 4 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई और कई लोगों को मंजिल तक पहुंचने में एक घंटे से ज्यादा समय लगा.
जाम बढ़ने पर ट्रैफिक पुलिस को मयूर विहार से बारापुला की तरफ आने वाले वाहनों को डीएनडी और एनएच-9 की ओर डायवर्ट करना पड़ा. जंगपुरा एक्सटेंशन के पास चार वाहनों की टक्कर ने भी गुरुवार सुबह स्थिति बिगाड़ दी. हादसे के बाद कॉरिडोर पर गाड़ियों की रफ्तार धीमी पड़ गई और वाहनों की लंबी लाइन लग गई.
आखिर क्यों लग रहा है इतना जाम?
ट्रैफिक व्यवस्था के सर्वे में जाम की एक बड़ी वजह नए फेज-3 कॉरिडोर और पुराने बारापुला कॉरिडोर का मर्जिंग प्वॉइंट बताया गया है. सनडायल के पास तीन लेन का ट्रैफिक आगे जाकर दो लेन में सिमट जाता है. अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के एक ही जगह मिलने से यहां बॉटलनेक बन रहा है.
नया कॉरिडोर शुरू होने के बाद उन वाहनों की संख्या भी बढ़ी है, जो पहले एनएच-9 या डीएनडी का इस्तेमाल करते थे. इससे बारापुला के पुराने हिस्से पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ा है.
जाम से राहत के लिए क्या होगा?
ट्रैफिक पुलिस ने मर्जिंग प्वॉइंट को बेहतर बनाने, वहां ट्रैफिक नियंत्रण के उपाय लागू करने और नए कॉरिडोर को गूगल मैप्स जैसी डिजिटल मैपिंग सेवाओं पर अपडेट करने का सुझाव दिया है. जरूरत पड़ने पर कुछ ट्रैफिक को एनएच-9 की ओर डायवर्ट करने की भी बात कही गई है.
अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए आगे सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे.
#BarapullahCorridor #BarapullaPhase3 #DelhiTraffic #DelhiTrafficJam #MayurVihar #AIIMSDelhi #SarAaiKaleKhan #DelhiNews #TrafficUpdate #BarapullaCorridor #DelhiNCR #DND #NH9 #DelhiNewsToday