रेलवे में इंजीनियर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए रेलवे बोर्ड ने नई राह खोली है। अब 12वीं के बाद ही सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) बनने का मौका मिलेगा।
इसके लिए रेलवे बोर्ड ने टेक्निकल एंट्री स्कीम (TES) शुरू की है। योजना के तहत चयनित युवाओं को गति शक्ति विश्वविद्यालय में चार साल का विशेष इंजीनियरिंग कोर्स कराया जाएगा। फीस और हॉस्टल का पूरा खर्च रेलवे उठाएगा।
पढ़ाई और 12 महीने का अनिवार्य प्रशिक्षण पूरा करने पर पे लेवल-7 में एसएसई के पद पर नियुक्ति मिलेगी।
रेलवे बोर्ड के निदेशक स्थापना यूके तिवारी ने शुक्रवार को दक्षिण पूर्व रेलवे समेत सभी 17 जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों को इस संबंध में आदेश जारी किया है।
योजना सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के लिए लागू होगी। हर साल एसएसई की कुल रिक्तियों के पांच प्रतिशत या विश्वविद्यालय की क्षमता के अनुसार सीटें भरी जाएंगी।
Namkum, Ranchi | Nov 22, 2026