
नौगांवा क्षेत्र के गोलकी गांव में खेतों पर चोरों का धावा, मोटर-स्टार्टर और तार ले उड़े शातिर चोर, पुलिस जांच में जुटी
रामगढ़ क्षेत्र के नौगांवा थाना अंतर्गत गोलकी गांव में बीती रात चोरों ने किसानों के खेतों को निशाना बनाकर सिंचाई मोटर, स्टार्टर और बिजली के तार चोरी कर लिए। मंगलवार सुबह किसान खेतों पर पहुंचे तो बोरिंग के ताले टूटे मिले और उपकरण गायब थे। चोरी की खबर फैलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने दो थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खेतों में घटनास्थल का जायजा लिया। ग्रामीणों के अनुसार चोरों ने बलवीर सिंह, सुरजीत सिंह, तीर्थ सिंह, गुरमीत सिंह, इंदर सिंह, कमल कपूर और मनीष कुमार सहित कई किसानों के खेतों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि खेतों में चोरी की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। इस दौरान ग्रामीणों ने शेरपुर निवासी साहिल पर शक जताते हुए पुलिस को उसके बारे में जानकारी दी। हालांकि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविकता सामने आएगी।
किसानों ने चोरी का सामान बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही रात के समय खेतों और गांव में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की, ताकि चोरों पर लगाम लग सके।
Alwar, Alwar | Sep 29, 2026