
छह घंटे में अपहरण का खुलासा, सनावद से युवक को सकुशल छुड़ाया
देवास पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अपहरण में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार; आपसी रंजिश में घर से जबरन ले जाने का आरोप
देवास। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने अपहरण की एक गंभीर वारदात में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे के भीतर अपहृत युवक अरविंद चौहान को खरगोन जिले के सनावद क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दुर्गानगर निवासी महिला ने थाना औद्योगिक क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 सितंबर की दोपहर करीब 3 बजे सफेद रंग की बोलेरो कार से सुनील सहित तीन-चार महिला-पुरुष उसके घर पहुंचे। आरोप है कि आपसी रंजिश के चलते अरविंद चौहान को जबरदस्ती बोलेरो में बैठाकर अपने साथ ले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 809/2026, धारा 140(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने बोलेरो क्रमांक MP46BA4762 की जानकारी जुटाई और संभावित ठिकानों पर तलाश व घेराबंदी शुरू की।
लगातार की गई कार्रवाई के बाद पुलिस टीम को सफलता मिली और सनावद क्षेत्र से अरविंद चौहान को आरोपियों के कब्जे से सकुशल मुक्त करा लिया गया। पुलिस ने मौके से दद्दु पिता ध्यान सिंह उर्फ ज्ञान सिंह (32), निवासी ग्राम सांगकी, जिला खरगोन और सुनील पिता मंशाराम भुरिया (37), निवासी ग्राम सिलोटिया, जिला खरगोन को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) गजेन्द्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन तथा थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक अमित सोलंकी के नेतृत्व में गठित टीम ने की। कार्रवाई में उप निरीक्षक गोविंद बड़ोलिया, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र राणा, आरक्षक अजय जाट, लक्ष्मीकांत शर्मा और अर्पित जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।