मेहगांव में जुए के फड़ पर पुलिस की रेड, 4 जुआरी गिरफ्तार
मेहगांव। थाना मेहगांव पुलिस ने ग्राम कतरौल में हनुमानजी मंदिर के पीछे जुए के फड़ पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से 4 जुआरियों को गिरफ्तार किया, जबकि पुलिस को देखकर 6 आरोपी मौके से भाग निकले।
पुलिस के अनुसार 9 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कतरौल गांव में कुछ लोग रुपये-पैसों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआरियों में भगदड़ मच गई, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 33,720 रुपये नकद और करीब 70 हजार रुपये कीमत के दो एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किए। इसके अलावा जुए के फड़ पर आने-जाने में इस्तेमाल की जा रही 7 मोटरसाइकिलें, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है, भी जब्त की गईं।