
प्रभारी कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा ने बैठक में दिए निर्देश.... सीएम हेल्पलाइन में सौ दिन से अधिक समय से लंबित पत्रों का निराकरण करें.
_________________________________________
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में प्रभारी कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन में सौ दिन से अधिक समय से लंबित पत्रों का शत-प्रतिशत निराकरण करें। मांग आधारित पत्रों को बंद कराएं। प्रत्येक आवेदन पत्र पर समुचित कार्यवाही करें। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सीएम हेल्पलाइन में लंबित आवेदनों के निराकरण की लगातार समीक्षा की जा रही है। सीएम हेल्पलाइन में 50 दिन और सौ दिन से अधिक समय से लंबित प्रकरणों की बड़ी संख्या के कारण जिले की रैंकिंग प्रभावित हो रही है। सभी अधिकारी पेंशन, अनुकंपा नियुक्ति, मजदूरी भुगतान तथा स्थापना से जुड़े अन्य प्रकरणों का सात दिन में निराकरण कराएं।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी कलेक्टर ने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना में छात्रवृत्ति से संबंधित आवेदनों की त्रुटियाँ दूर करके छात्राओं को भुगतान कराएं। मेडिकल कालेज में लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों पर डीन मेडिकल कालेज तथा अधीक्षक सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल एवं अधीक्षक संजय गांधी हास्पिटल तत्परता से कार्यवाही करें। अधीक्षण यंत्री विद्युत मण्डल बिजली बिलों में सुधार के सभी 250 आवेदनों का तीन दिन में निराकरण कराएं। जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम उपार्जन से संबंधित प्रकरणों में किसानों को तीन दिन में भुगतान कराकर प्रकरण निराकृत करें।
बैठक में खाद्य विभाग, नगरीय विकास विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, सहकारिता विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, ऊर्जा विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा राजस्व विभाग में लंबित प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की गई। प्रभारी कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रबंधक लोक सेवा लंबित आवेदन पत्रों के निराकरण की विभागवार जानकारी प्रतिदिन प्रस्तुत करें। बैठक में डिप्टी कलेक्टर अदिति जैन तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh
#Rewa #रीवा