धौलपुर जिले के सैंपऊ थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। रविवार को आरी मोड़ के पास खेतों में अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान आगरा जिले के जगनेर निवासी 38 वर्षीय सुरेंद्र पुत्र नत्थीलाल के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मृतक के चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ डालने जैसे निशान मिले हैं, जिससे हत्या के बाद पहचान छिपाने की आशंका जताई जा रही है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा।