सतरंगी स्वीप सप्ताह के अंतर्गत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
धौलपुर, 23 अक्टूबर 2026। जिला निर्वाचन अधिकारी महोदय के निर्देशानुसार सतरंगी स्वीप सप्ताह के अंतर्गत आज महिला अधिकारिता विभाग द्वारा शिक्षा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, विपरपुर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आगामी पंचायत चुनाव में अधिकाधिक मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करना तथा आमजन को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर विद्यालय में कविता पाठ, आशु भाषण एवं मतदाता शपथ जैसी विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनके माध्यम से विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमूह को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदाताओं की भूमिका तथा अनिवार्य रूप से मतदान करने के प्रति जागरूक किया गया।
समस्त कार्यक्रम सहायक निदेशक महिला अधिकारिता विभाग भैरू प्रकाश नागर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र के कार्मिक, पन्ना धाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र स्टाफ, विद्यालय स्टाफ एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के माध्यम से आगामी पंचायत चुनाव में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।