
Ambala Media:"
हरियाणा के कलाकारों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाए : जसदीप बेदी
हरियाणा आर्टिस्ट्स फोरम ने जिला स्तर पर कला भवन बनाए जाने की मांग दोहराई
अंबाला, 7 सितंबर। हरियाणा आर्टिस्ट्स फोरम ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि हरियाणा के कलाकारों को कला एवं संस्कृति पुरस्कार योजना के तहत राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाए। वरिष्ठ रंगकर्मी एवं फोरम के प्रतिनिधि जसदीप बेदी ने जारी बयान में कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा कला की विभिन्न विधाओं से जुड़े वरिष्ठ कलाकारों को प्रतिवर्ष सम्मानित करने की परंपरा रही है, लेकिन पिछले कई वर्षों से यह परंपरा आगे नहीं बढ़ाई जा रही है। इससे कलाकारों में रोष है।
बेदी ने बताया कि हरियाणा सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से 1 और 2 दिसंबर 2018 को विभिन्न समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित कर कला एवं संस्कृति पुरस्कार योजना के तहत पांच श्रेणियों में राज्य स्तरीय सम्मान देने की घोषणा की गई थी। योजना के तहत कुल 132 पुरस्कार दिए जाने थे, लेकिन उनका कहना है कि यह योजना लंबे समय से अमल में नहीं लाई गई।
उन्होंने बताया कि योजना में 30 वर्ष तक के कलाकारों के लिए हरियाणा कला मेधा पुरस्कार, 31 से 40 वर्ष तक के कलाकारों के लिए हरियाणा कला प्रवीण पुरस्कार, 41 से 55 वर्ष तक के कलाकारों के लिए हरियाणा कला श्री पुरस्कार तथा 55 वर्ष एवं इससे अधिक आयु के कलाकारों के लिए हरियाणा कला रत्न पुरस्कार देने की बात कही गई थी। इसके अलावा बाजे भगत आजीवन उपलब्धि पुरस्कार का भी प्रावधान बताया गया था। पुरस्कारों के तहत 20 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक की राशि देने की घोषणा की गई थी।
जिला स्तर पर बनें कला भवन
हरियाणा आर्टिस्ट्स फोरम ने प्रदेश के प्रत्येक जिले में कला भवन बनाए जाने की मांग भी दोहराई है। जसदीप बेदी ने कहा कि जिला स्तर पर कला भवन बनने से युवा पीढ़ी को हरियाणा की कला एवं संस्कृति को समझने और उससे जुड़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इन कला भवनों में ऑडिटोरियम, रिहर्सल हॉल, म्यूजियम तथा अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जानी चाहिए, ताकि कलाकारों को अभ्यास से लेकर कार्यक्रमों की प्रस्तुति तक बेहतर मंच मिल सके।
बेदी ने कहा कि हरियाणा सरकार खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सराहनीय प्रयास कर रही है, लेकिन प्रदेश के कलाकारों के लिए भी इसी प्रकार सार्थक कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने हरियाणा में बनी फिल्मों को सब्सिडी देने की सरकार की नीति का स्वागत करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में फिल्म उद्योग के भविष्य को नई दिशा मिली है।
उन्होंने वयोवृद्ध कलाकारों के लिए पेंशन देने की सरकार की घोषणा का भी स्वागत किया और उम्मीद जताई कि कलाकारों की अन्य मांगों पर भी जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
जसदीप बेदी ने कहा कि जल्द ही हरियाणा आर्टिस्ट्स फोरम का एक शिष्टमंडल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर कलाकारों की मांगें रखेगा। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर कला भवनों का निर्माण होने से कलाकारों को बड़ी सुविधा मिलेगी और हरियाणवी कला एवं संस्कृति को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।
फोरम ने मुख्यमंत्री से कलाकारों की इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की उम्मीद जताई है।
अंबाला मीडिया | खबरें ही खबरें
AmbalaMedia #AmbalaNews #HaryanaNews #HaryanaArtists #JasdeepBedi #ArtAndCulture #HaryanaCulture #कलाकार #हरियाणाकला #अंबालामीडिया
Ambala, Ambala | Sep 7, 2026