
रानीखेत एक्सप्रेस में जेवर चोरी करने वाली गैंग का खुलासा, दो महिलाएं गिरफ्तार
जोधपुर। जीआरपी जोधपुर ने ट्रेनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं के बैग से जेवरात और नकदी चोरी करने वाली गैंग का खुलासा करते हुए दो शातिर महिला चोरों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7 तोला वजन के सोने के जेवरात बरामद किए हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
जीआरपी एसपी केवल राम ने बताया कि 3 सितंबर 2026 को प्रियंका राठौड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह मारवाड़ जंक्शन से जोधपुर के बीच रानीखेत एक्सप्रेस में यात्रा कर रही थीं। सफर के दौरान अज्ञात बदमाश उनके हैंड बैग से सोने के जेवरात चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में रखड़ी, चार लेडीज अंगूठियां, कान की बालियां, सिरपट्टी भाक्करपारा डिजाइन और गले का चिक हार शामिल था।
मामला दर्ज होने के बाद जीआरपी ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने साइबर सेल के हेड कॉन्स्टेबल दीपेन्द्रपाल सिंह की मदद से तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के आधार पर पुलिस ने मीराबेन (39) और मायाबेन (39), निवासी पालिताना, भावनगर, गुजरात को चिन्हित किया। इसके बाद दोनों को दिल्ली के नांगलोई-मंगोलपुरी क्षेत्र स्थित झुग्गी-झोपड़ियों से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवरात भी बरामद किए।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिलाएं 2-3 महिलाओं के समूह में वारदात को अंजाम देती थीं। यह गिरोह रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और बसों में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं को निशाना बनाता था। भीड़ के बीच मौका मिलते ही महिलाओं के बैग से जेवरात और नकदी पार कर दी जाती थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी मीराबेन के खिलाफ चोरी के सात से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इनमें दिल्ली के बुराड़ी, लाल किला और भजनपुरा के अलावा जयपुर के चांदपोल, छोटी चौपड़, बड़ी चौपड़ और जीआरपी जयपुर से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई में सीआई मुक्ता पारीक, एएसआई हुकमसिंह, हेड कॉन्स्टेबल दीपेन्द्रपाल सिंह, कॉन्स्टेबल रिड़मल सिंह, मोहनलाल, राजूराम, मनोहर कंवर, संतोष कुमारी और अभय कमांड सेंटर के दामोदर गौड़ शामिल रहे।