
जनशिकायत निस्तारण में संतकबीरनगर का प्रदेश में फिर डंका, लगातार 13वीं बार बना नंबर-1
जून-2026 की आईजीआरएस रैंकिंग में दोबारा फहराया परचम, 10 में से 8 थाने भी प्रदेश में अव्वल; त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण बना पहचान
#संतकबीरनगर। जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में संतकबीरनगर ने एक बार फिर प्रदेश भर में अपनी मजबूत पहचान कायम रखी है। आईजीआरएस पोर्टल की जून-2026 की मासिक रैंकिंग में जनपद ने लगातार 13वीं बार प्रथम स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस उपलब्धि को प्रशासनिक कार्यशैली, प्रभावी निगरानी और जवाबदेही का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के नेतृत्व में जनपद पुलिस द्वारा शिकायतों के समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण पर लगातार विशेष फोकस किया जा रहा है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और हर शिकायत का गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी मामलों में नियमानुसार विधिक कार्रवाई भी की जाए।
आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा उच्च स्तर पर की जाती है। संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर जांच करते हैं और जांच रिपोर्ट का गहन परीक्षण भी किया जाता है। यदि किसी स्तर पर कमी पाई जाती है तो प्रकरण को दोबारा जांच के लिए वापस भेजा जाता है, जिससे शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता बनी रहे।
जून-2026 की रैंकिंग में जनपद के 10 थानों में से 8 थानों ने भी प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया। धर्मसिंहवा और साइबर क्राइम थाना को छोड़कर अन्य सभी थानों की कार्यशैली को उत्कृष्ट श्रेणी में आंका गया। इससे स्पष्ट है कि जनपद पुलिस की जवाबदेही, सतत निगरानी और टीमवर्क का असर जमीनी स्तर पर दिखाई दे रहा है।
जनपद प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि आमजन का विश्वास प्रशासनिक व्यवस्था पर और अधिक मजबूत हो सके।
#UttarPradesh #santkabirnagar #UPPolice #santkabirnagrpolice #viralpost
UP Police Santkabirnagar Police