
जबलपुर में अपराधों पर लगाम लगाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस ने विशेष 'गुंडा अभियान' शुरू किया है। पूरे जिले में चलाए जा रहे इस अभियान के पहले ही दिन पुलिस ने 30 हिस्ट्रीशीटर और आदतन बदमाशों को गिरफ्तार किया।
पुलिस की अलग-अलग टीमों ने बुधवार देर रात और गुरुवार तड़के संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर वारंटियों और शांति भंग करने की आशंका वाले आरोपियों को पकड़ा।
सीएसपी सतीश कुमार साहू ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के सक्रिय बदमाशों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद पुलिस टीमों ने अलग-अलग इलाकों में घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सुमित केवट और प्रमोद पटवा नाम के दो बदमाशों के पास से चाकू और तलवार जब्त की गई है। उनके खिलाफ ऑर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वहीं, अन्य बदमाशों की थाने में परेड कराकर उन्हें अपराध से दूर रहने की हिदायत दी गई। कुख्यात अपराधियों के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई भी की जा रही है।
आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
सीएसपी के मुताबिक शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रांझी और गढ़ा में भी बदमाशों की परेड
गुंडा अभियान के तहत रांझी और गढ़ा थाना पुलिस ने भी 10 से अधिक बदमाशों की परेड कराई। इनमें कुछ ऐसे अपराधी भी शामिल थे, जो बार-बार बुलाने के बावजूद थाने नहीं पहुंच रहे थे। पुलिस उन्हें थाने लेकर आई और वैधानिक कार्रवाई की। #JabalpurNews #MPPolice #GundaAbhiyan #CrimeNews #Jabalpur #MadhyaPradesh #LawAndOrder #PoliceAction #Virat24News