
पंचकूला के सेक्टर 19 खेड़ा मंदिर पार्किंग में खड़ी आई-20 कार से भारी मात्रा में चंडीगढ़ मार्का अवैध शराब और बीयर बरामद, पुलिस ने जब्त की 12 पेटियां, अज्ञात तस्कर की तलाश में छापेमारी
पंचकूला/ 22 जून:- पंचकूला पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। सेक्टर 20 थाना के अंतर्गत आने वाली सेक्टर 19 पुलिस चौकी की टीम के इन्चार्ज पीएसआई कमलदीप सिंह की अगुवाई में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर 19 के खेड़ा मंदिर के पास स्थित पार्किंग से एक संदिग्ध सफेद रंग की हुंडई आई-20 कार से भारी मात्रा में अवैध शराब और बीयर बरामद की है। इसे चंडीगढ़ से लाकर पंचकूला में खपाने की तैयारी थी। पुलिस ने गाड़ी और शराब को कब्जे में लेकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी हैं।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर 19 पुलिस चौकी टीम को गुप्त सूचना मिली कि सेक्टर 19 के खेड़ा मंदिर के पास पार्किंग में खड़ी एक सफेद रंग की आई-20 कार में भारी मात्रा में अवैध शराब लोड की गई है। सूचना को पुख्ता मानते हुए इन्चार्ज कमलदीप सिंह की अगुवाई में टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां बताई गई कार खड़ी मिली। कार के शीशों पर काली जालियां लगी हुई थीं और बाहर से देखने पर कार के भीतर शराब की पेटियां साफ दिखाई दे रही थीं। कार पूरी तरह से लॉक थी, इसलिए पुलिस ने निष्पक्ष जांच के लिए स्थानीय व्यक्तियों की मौजूदगी में जब कार खोलने का प्रयास विफल रहा तो कार की दाईं तरफ का पिछला शीशा ईंट मारकर तोड़ा गया और दरवाजा खोला गया। कार के अंदर की तलाशी लेने पर 12 पेटियां अवैध शराब मिली। जिसमें पुलिस ने 200 पव्वे, 24 अद्धे व 24 बोतलें अवैध देशी शराब व 59 बोतलें बीयर बरामद की।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि अज्ञात आरोपी ने बिना किसी वैध लाइसेंस या परमिट के अवैध शराब अपने कब्जे में रखकर हरियाणा आबकारी संशोधन अधिनियम 2020 की धारा 61(1)(A) के तहत अपराध किया है। मुख्य आरोपी व कार चालक की पहचान करने के लिए हर संभावित ठिकाने पर छापेमारी कर रही है। जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।