
बहराइच: घाघरा नदी पुल की मरम्मत पूरी, कल से दौड़ेंगे छोटे वाहन, बड़े वाहनों को अभी करना होगा इंतजार!
बहराइच के जरवल रोड से सफर करने वाले राहगीरों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। घाघरा नदी पर बने पुल के मरम्मतीकरण यानी रिपेयरिंग का काम अब पूरी तरह से मुकम्मल हो चुका है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की तरफ से पुल पर रंग-रोगन का काम भी चमका दिया गया है, और यह पुल अब दोबारा चालू होने के लिए पूरी तरह तैयार है।
शनिवार को बहराइच के जिलाधिकारी (DM) इस पुल से आवागमन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यानी कल से इस रूट पर ट्रैफिक फिर से बहाल हो जाएगा।
लेकिन... ठहरिए! अगर आप बड़े वाहन से सफर करने वाले हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है।
प्रशासन के मुताबिक, सुरक्षा के लिहाज से अभी इस पुल से भारी या बड़े वाहनों को गुजरने की इजाजत नहीं होगी। शनिवार से केवल छोटे चार पहिया वाहन (जैसे कार, जीप) और दो पहिया वाहन ही इस मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।
भारी वाहनों के मालिकों और ड्राइवरों को अभी थोड़ा और सब्र करना होगा। अधिकारियों का कहना है कि पुल की मजबूती को पूरी तरह से परखने के लिए एक सप्ताह का समय लिया जाएगा। करीब एक हफ्ते के बाद ही इस पुल से बड़े और भारी वाहनों का आवागमन शुरू हो सकेगा। तब तक सुरक्षा नियमों का पालन करें और जरवल रोड रूट पर सुहाने सफर का आनंद लें।
बहराइच से जुड़ी तमाम बड़ी खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।