बहराइच प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का मेडिकल कॉलेज में औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर दिए कड़े निर्देश!
मेडिकल कॉलेज, मरीजों से जाना हाल-चाल।
संवेदनशीलता से हो मरीजों का इलाज बहराइच मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण में बोले प्रभारी मंत्री।
बहराइच के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। इस औचक निरीक्षण से पूरे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
दरअसल, उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग के मंत्री और बहराइच के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह अचानक महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज पहुँचे। मंत्री जी ने खुद ग्राउंड जीरो पर उतरकर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने वार्डों का चक्कर काटकर मरीजों को दी जा रही सुविधाओं और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को खुद परखा।
निरीक्षण के दौरान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का एक बेहद संवेदनशील रूप भी देखने को मिला। उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों (परिवार के सदस्यों) के पास जाकर उनसे सीधे संवाद किया। मंत्री जी ने मरीजों से पूछा कि क्या उन्हें दवाइयाँ बाहर से तो नहीं लिखनी पड़ रहीं? और डॉक्टर समय पर आ रहे हैं या नहीं? उपचार संबंधी हर छोटी-बड़ी व्यवस्था की जानकारी उन्होंने सीधे जनता से ली।
अस्पताल की कमियों और व्यवस्थाओं को देखने के बाद, प्रभारी मंत्री ने डॉक्टरों और संबंधित अधिकारियों के साथ सख्त लहजे में बात की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि"मरीजों को समय से और संवेदनशीलता के साथ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सबसे पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"
मंत्री के इस औचक निरीक्षण के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि बहराइच मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं में और सुधार देखने को मिलेगा।
Bahraich, Bahraich | Jun 6, 2026