
लालकुआं: दुग्ध संघ बोर्ड बैठक में 34 प्रस्तावों पर मंथन, कई प्रस्ताव पारित
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रशासनिक भवन में बुधवार को अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक आयोजित हुई। बैठक में दुग्ध संघ के संचालन, आगामी कार्ययोजनाओं और दुग्ध उत्पादकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बोर्ड के समक्ष कुल 34 प्रस्ताव रखे गए, जिनमें कई प्रस्तावों को चर्चा के बाद मंजूरी दी गई।
76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियों पर चर्चा
बैठक में आगामी 76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियों को लेकर भी रणनीति बनाई गई। अधिवेशन के आयोजन से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं और प्रस्तावों को निबंधक के पास भेजे जाने को लेकर बोर्ड सदस्यों ने विचार-विमर्श किया। पारित प्रस्तावों पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई किए जाने पर सहमति बनी।
स्वर्गीय किशन सिंह बिष्ट को दी श्रद्धांजलि
बैठक की शुरुआत स्वर्गीय किशन सिंह बिष्ट के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए हुई। अध्यक्ष, संचालक मंडल के सदस्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की गई।
किशन सिंह बिष्ट के नाम पर बनेगा दुग्ध समिति भवन
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि विषम परिस्थितियों में दुग्ध संघ शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने स्वर्गीय किशन सिंह बिष्ट के योगदान को याद करते हुए उनके नाम से नवनिर्मित दुग्ध समिति भवन का निर्माण कराए जाने पर सहमति बनने की जानकारी दी।
दुग्ध उत्पादकों के लिए 2.75 करोड़ की लाभ राशि का प्रस्ताव
बैठक में दुग्ध उत्पादकों के लिए महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। पिछले वित्तीय वर्ष में 2 करोड़ 52 लाख रुपये की दुग्ध लाभ राशि के मुकाबले इस बार 2 करोड़ 75 लाख रुपये की राशि संस्था से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को दीपावली से पहले भुगतान किए जाने संबंधी प्रस्ताव को निबंधक के पास भेजने पर सहमति बनी।
कर्मचारियों को 17 प्रतिशत बोनस/एक्स-ग्रेशिया का प्रस्ताव
बोर्ड बैठक में कर्मचारीगण को 17 प्रतिशत बोनस/एक्स-ग्रेशिया दिए जाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इस प्रस्ताव को निबंधक के पास भेजने पर सहमति बनी। इसके अलावा कामगारों समेत दुग्ध संघ से जुड़े करीब 440 श्रमिकों को प्रोत्साहन राशि दिए जाने के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।
बकाया भुगतान पर परिवहनकर्ताओं पर सख्ती
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने बैठक में विपणन एवं परिवहनकर्ताओं पर बकाया राशि की वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर बकाया राशि जमा नहीं करने वाले संबंधित परिवहनकर्ताओं को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बकाया धनराशि की वसूली के लिए संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही।
बैठक में ये अधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पीएंडआई सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, प्रभारी सुरेश चंद्र, स्टोर प्रभारी खलील अहमद समेत दुग्ध संघ के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
I7 NEWS | लालकुआं
#I7News #Lalkuan #Nainital #DugdhSangh #MilkUnion #UttarakhandNews #DairyFarmers #DairyNews #MilkProducers #HaldwaniNews #Uttarakhand #BreakingNews