रीवा में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ ने कुशाभाऊ ठाकरे जिला चिकित्सालय पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने ओपीडी, गायनी वार्ड, एसएनसीयू और पीएनसीयू सहित कई विभागों का जायजा लिया। साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर इलाज की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं को प्रसव की संभावित तारीख से एक सप्ताह पहले बर्थ वेटिंग रूम में भर्ती करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं के हीमोग्लोबिन और ब्लड प्रेशर की नियमित जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।