
कलेक्टर की पहल से सिंगरौली को मिलेगी आधुनिक ऑडिटोरियम की सौगात
एनसीएल के सीएसआर से पीजी कॉलेज परिसर में बनेगा 12 करोड़ राशि का 400 सीटर जिले का पहला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम — जिला प्रशासन एवं एनसीएल के बीच हुआ MOU
सिंगरौली, 25 सितंबर 2026।
कलेक्टर के विशेष प्रयासों एवं पहल से सिंगरौली जिले को एक अत्याधुनिक ऑडिटोरियम की महत्वपूर्ण सौगात मिलने जा रही है। इस संबंध में आज जिला प्रशासन एवं नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के मध्य एमओयू (MOU) संपन्न हुआ।
यह अत्याधुनिक ऑडिटोरियम निर्माणाधीन पीजी कॉलेज परिसर में एनसीएल के सीएसआर मद से निर्मित किया जाएगा। यह सिंगरौली जिले में अपनी तरह का पहला आधुनिक ऑडिटोरियम होगा, जो विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ जिले में सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में विकसित होगा।
कलेक्टर की पहल का उद्देश्य जिले में उच्च शिक्षा के लिए विकसित हो रहे पीजी कॉलेज परिसर को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के साथ-साथ सिंगरौली में एक ऐसे बहुउद्देशीय मंच का निर्माण करना है, जहां शैक्षणिक संगोष्ठियों, व्याख्यानों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कला एवं साहित्यिक आयोजनों तथा अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों का सुव्यवस्थित आयोजन किया जा सके।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह ऑडिटोरियम विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं रचनात्मक अवसर उपलब्ध कराने के साथ जिले की सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नई पहचान प्रदान करेगा। इसके निर्माण से सिंगरौली में बड़े स्तर के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक उपयुक्त और आधुनिक अधोसंरचना उपलब्ध होगी।
कलेक्टर ने कहा कि सिंगरौली में शिक्षा एवं सांस्कृतिक अधोसंरचना को मजबूत करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। एनसीएल के सीएसआर सहयोग से बनने वाला यह ऑडिटोरियम विद्यार्थियों और जिले के नागरिकों के लिए दीर्घकालिक रूप से उपयोगी साबित होगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए एनसीएल के सहयोग की सराहना की।
एमओयू के माध्यम से परियोजना के निर्माण एवं क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण औपचारिकता पूर्ण हो गई है। जिला प्रशासन द्वारा परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक समन्वय एवं सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh